मऊ। सरायलखंसी थाना क्षेत्र के गालिबपुर मोहल्ले में रविवार के देर शाम जमीनी विवाद के मामले में दो पट्टीदारों के बीच मारपीट हो गई जिसमें एक पक्ष के व्यक्ति ने लोहे के राड से हमला कर दिया। जिससे एक युवक की मौके पर मौत हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। श्यामलाल (27) पुत्र स्व. अंगद शहर कोतवाली क्षेत्र के निजामुद्दीनपुरा मोहल्ले का निवासी था। श्यामलाल की सरायलखंसी थाना क्षेत्र के गालिबपुर में कोयले की छाई की दुकान है। रोज की भांति वह रविवार को दुकान पर मौजूद था।
आरोप है कि इसी दौरान उसका पट्टीदार का लड़का राजेश कुमार उसकी दुकान पर आया और उससे विवाद करने लगा इस बीच अचानक लोहे के राड से श्यामलाल के सिर पर जबरदस्त प्रहार कर दिया जिससे श्यामलाल की मौके पर ही मौत हो गई। श्याम लाल को मृत देख राजेश मौके से फरार हो गया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने राजेश कुमार सहित चार लोगों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कराया। इस बाबत प्रभारी निरीक्षक डीके श्रीवास्तव का कहना है कि चार आरोपियों के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया गया है। उनकी तलाश की जा रही है।इस मामले में अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।