दोहरीघाट कस्बे में स्थित पंजाब नेशनल बैंक में सोमवार की सुबह एक युवक की इमानदारी की काफी चर्चा में रही। युवक ने कैशियर द्वारा 50 हजार रुपए का अधिक भुगतान किए जाने पर ईमानदारी दिखाते हुए बैंक को वापस कर दिया। गोंठा निवासी विशाल यादव पुत्र भृगुनाथ यादव सोमवार की सुबह चेक से तीन लाख अस्सी हजार रुपए निकालने पहुंचे। लेकिन गलती से कैशियर प्रवीण शर्मा द्वारा उन्हें पचास हजार रुपए से अधिक चार लाख तीस हजार रुपए भुगतान कर दिया। बैंक से बाहर आने के बाद पैसे की गिनती में पचास हजार रुपए अधिक होने पर विशाल ने ईमानदारी दिखाते हुए तुरंत बैंक मैनेजर डीके चौधरी को इसकी जानकारी दी। जिस पर कैशियर प्रवीण शर्मा को बुलाकर जानकारी ली। कैश अधिक दिए जाने की जानकारी होने पर कैशियर के होश उड़ गए। लेकिन विशाल यादव ने ईमानदारी दिखाते हुए अधिक भुगतान हुए पचास हजार रुपए बैंक मैनेजर को वापस कर दिया। यह बात पूरे इलाके में जंगल के आग की तरह फैल गई। बैंक मैनेजर दीपक कुमार चौधरी ने विशाल का आभार जताया है।