दोहरीघाट थाना क्षेत्र के दोहरीघाट -बड़हलगंज पुल से युवक के छलांग लगाने के बाद कस्बा के खटिकटोला स
- फोटो : MAU
दोहरीघाट। ससुराल से पत्नी के साथ कार से लौट रहे युवक ने बृहस्पतिवार की सुबह दोहरीघाट में सरयू नदी के पुल पर नदी में सिक्का डालने के बहाने गाड़ी रुकवाई और खुद उतर कर नदी में छलांग लगा दी। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। युवक ने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया, पुलिस इसकी जांच कर रही है। युवक की तलाश की जा रही है।
युवक की पहचान रविशंकर मद्धेशिया (32) पुत्र घरभरन निवासी लक्ष्मीपुर थाना पुरंदरपुर जिला महाराजगंज के रूप में हुई। रविशंकर दोहरीघाट कस्बे के खटिक टोला में ससुराल आया हुआ था। वह अपनी पत्नी उषा को लेकर बृहस्पतिवार की सुबह कार से घर के लिए निकला था। जैसे ही कार दोहरीघाट बड़हलगंज पुल पर पहुंची तो रविशंकर ने अपनी पत्नी से नदी में सिक्का डालने की बात कह कर कार रुकवाई और सिक्का लेकर नदी में फेंकने चला गया। इसी दौरान उसने अचानक नदी में छलांग लगा दी। रविशंकर के नदी में कूदते ही उसकी पत्नी उषा के होश उड़ गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। नाविकों और गोताखोरों से उसकी तलाश कराई जा रही है। घटना के बाद युवक की पत्नी उषा, छह वर्षीय पुत्री एंजल, चार वर्षीय पुत्र रुद्र का रो-रोकर बुरा हाल है। इस संबंध में थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि युवक के नदी में कूदने की जानकारी मिलने के बाद नाविकों और गोताखोरों से उसकी तलाश कराई जा रही है।