नोएडा। सेक्टर-88 में सी-ब्लॉक स्थित पर्ल प्री सीजन प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में लिफ्ट की मरम्मत करते समय एंगल टूटने से एक मैकेनिक की मौत हो गई। वहीं, उनके साथी भी हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। मामले में कंपनी और लिफ्ट मालिक के खिलाफ फेज-2 थाने में केस दर्ज हुआ है। पुलिस दोनों मालिकों से पूछताछ के बाद आगे की कार्रवाई कर रही है।
घायल की हालत में सुधार होने पर बैजनाथ मौर्य के भाई बहराइच के मोतीपुर निवासी संदीप कुमार मौर्या ने थाने मेें मुकदमा दर्ज कराया है। बताया कि उनके भाई की चोट और आजमगढ़ निवासी जितेंद्र की मौत के लिए पर्ल प्री सीजन प्राइवेट लिमिटेड के मालिक नरेश कुमार गर्ग और लिफ्ट सर्विस कंपनी हाइटेक लिफ्ट एंड लिफ्ट इंडस्ट्रियल कंपनी के मालिक संजीव कुमार जिम्मेदार हैं। दोनों की लापरवाही से ही हादसा हुआ है। बताया कि 18 मार्च को बैजनाथ और जितेंद्र सेक्टर-88 के सी ब्लॉक स्थित पर्ल प्री सीजन प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में लिफ्ट की मरम्मत करने गए थे। दोनों दोपहर साढ़े तीन बजे के करीब जब लिफ्ट की मरम्मत कर रहे थे तभी एंगल टूट गया। इससे लिफ्ट के ऊपर बंधी मोटर जितेंद्र और बैजनाथ के ऊपर गिरी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन फानन में दोनों घायलों को नजदीक के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां चिकित्सकों ने जितेंद्र को मृत घोषित कर दिया। वहीं, बैजनाथ को भर्ती किया। अब बैजनाथ की हालत में सुधार है।