बढुआ गोदाम। सहायक विकास अधिकारी कोपागंज ने पुलिस को तहरीर देकर अलीनगर सहकारी समिति के सचिव के खिलाफ सरायलखंसी थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है समिति की बिक्री किए गए खाद का 4.70 लाख रुपये लेकर सचिव तीन महीने से फरार है।
अलीनगर सहकारी समिति के सचिव प्रमोद कुमार सिंह ने अगस्त महीने में 4.70 लाख रुपये की यूरिया और डीएसपी खाद की बिक्री की और पैसा बैंक में जमा करने की बजाय लेकर फरार हो गया। विभाग की तरफ से 24 सितंबर को सचिव को नोटिस जारी किया गया। तीन महीने बाद भी सचिव ने अभी तक पैसा जमा नहीं किया, जिसके बाद 30 सितंबर को समिति सील कर दिया गया।
समिति सत्यापन अधिकारी शैलेंद्र कुमार वर्मा की तरफ से समिति का निरीक्षण किया। इस दौरान समिति की सील हटी हुई थी, जिसकी जानकारी उच्च अधिकारियों को दी गई। चार अक्टूबर को विभाग की तरफ से सचिव पर मुकदमा दर्ज कराने और पैसा जमा कराने का आदेश जारी किया गया था। तीन महीना बीतने के बाद भी पैसा जमा नहीं होने पर सहायक विकास अधिकारी ब्लाक कोपागंज की तहरीर पर सचिव के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ।