मऊ। कोरोना संक्रमण काल में भी नगर के डीसीएसके पीजी कॉलेज तथा मुहम्मदाबाद गोहना कस्बा के संत गणिनाथ पीजी कॉलेज में बीए, बीएससी प्रथम वर्ष में सीटें भर गई है। संत गणिनाथ कालेज प्रशासन ने 33 प्रतिशत सीट वृद्धि के लिए पूर्वांचल विश्वविद्यालय को पत्र भेजा है।
जिले में सबसे अधिक छात्र संख्या वाले नगर स्थित डीसीएसके पीजी कॉलेज में स्नातक, स्नात्कोत्तर प्रथम वर्ष में प्रतिवर्ष प्रवेश परीक्षा के माध्यम से प्रवेश प्रक्रिया चलती है। लेकिन इस वर्ष कोरोना संक्रमण के चलते कालेज में ‘पहले आओ पहले पाओ’ के तहत प्रवेश प्रक्रिया पूरी की गई। महाविद्यालय में बीए, बीएससी, बीकाम तथा एमए, एमएससी में 2550 सीटें हैं। बीए में 1655 तथा बीएससी में 320 सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। स्नातकोत्तर (पीजी) में प्रवेश प्रक्रिया जारी है। डीसीएसके पीजी कालेज में प्रवेश प्रभारी डॉ. ज्याउल्लाह ने बताया कि बीए, बीएससी प्रथम वर्ष में ‘पहले आओ पहले पाओ’ के तहत ऑनलाइन आवेदन लिया गया। बीए, बीएससी में सीटें फुल हो गई है। एमए, एमएससी में प्रक्रिया चल रही है।
मुहम्मदाबादगोहना कस्बा के संत गणिनाथ पीजी कालेज में बीए, बीएससी में सीटें फुल हो चुकी है। बीए में 554 तथा बीएससी में 250 सीटों पर एडमिशन प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। एडमिशन के लिए 500 आवेदन प्रतीक्षा सूची में हैं। कालेज प्रशासन ने 33 प्रतिशत सीट वृद्धि के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन को पत्र भेजा है। कॉलेज के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. जगदेव का कहना था कि कालेज में बीए, बीएससी में सीटें फुल हो चुकी हैं। 33 प्रतिशत सीट वृद्धि के लिए पूर्वांचल विश्वविद्यालय प्रशासन को पत्र भेजा गया है।