विजय यात्रा में अखिलेश यादव
- फोटो : अमर उजाला
गाजीपुर से समाजवादी विजय यात्रा लेकर निकले सपा मुखिया अखिलेश यादव व सुभासपा मुखिया ओमप्रकाश राजभर के स्वागत को लेकर सुबह से ही भारी भीड़ एक्सप्रेस-वे पर उमड़ी हुई थी। सात घंटे लेट सपा मुखिया का रथ आजमगढ़ के सठियांव में जनपद की सीमा में प्रवेश किया।
यहां सपा मुखिया रथ से जनता का अभिवादन किया और बिना कुछ बोले ही आगे बढ़ गये। सपा कार्यकर्ताओं के साथ ही सुभासपा के लोग भी पूरे एक्सप्रेस वे पर जगह-जगह रथयात्रा के स्वागत में जुटे हुए थे। अपने नेता के पहुंचने पर सपाईयों ने उनका जोरदार स्वागत किया।
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर उमड़ी भीड़
- फोटो : अमर उजाला
सठियांव से ही जनपद की सीमा में आजमगढ़ सांसद अखिलेश की रथयात्रा का प्रवेश हुआ। पूरे जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर रथयात्रा का जगह-जगह स्वागत की योजना सपाइयों ने बनाया था। सठियांव में सपा जिलाध्यक्ष हवलदार यादव, पूर्व अध्यक्ष अखिलेश यादव, सुभासपा प्रदेश उपाध्यक्ष शशिप्रकाश सिंह मुन्ना के नेतृत्व में हजारों की संख्या में सपाइयों व सुभासपाइयों का हुजूम सुबह से ही जुटा हुआ था।
शाम साढ़े सात बजे के लगभग अखिलेश व ओमप्रकाश का रथ सठियांव में सिक्स लेन पर पहुंचा। जय अखिलेश के नारों से पूरा क्षेत्र ही गूंज उठा। निर्धारित कार्यक्रम से काफी लेट हो जाने के कारण सपा मुखिया यहां मात्र तीन से चार मिनट ही रूके। अपने रथ के छत से उन्होंने ओमप्रकाश राजभर व सपा जिलाध्यक्ष हवलदार यादव के साथ भीड़ का अभिवादन किया और फिर बिना कुछ कहे ही आगे रवाना हो गए।
पढ़ेंः यूपी चुनाव 2022: अखिलेश यादव की विजय यात्रा, ओमप्रकाश राजभर बोले- भाजपा की विदाई तक कोई ढिलाई नहीं
देरी के चलते सपा मुखिया अखिलेश यादव ने सठियांव में जनता को संबोधित नहीं किया। सपा मुखिया का संबोधन न होने से कार्यकर्ताओं में निराशा भी देखने को मिली लेकिन रथयात्र व मुखिया के स्वागत में सपाईयों का हुजूम उमड़ा रहा। अपने नेता के एक झलक पाने को सपाई ठंड के बाद भी जुटे रहे। कार्यकर्ताओं का जोश देखने लायक था।