मऊ। अब जनपद के हर थाना क्षेत्र में एक प्रदूषण जांच केंद्र होगा। इसके लिए विभाग द्वारा कवायद शुरू कर दी गई है। परिवहन विभाग द्वारा इसके लिए आवेदकों से आवेदन मांगे गए हैं। इसके लिए आवेदक को परिवहन विभाग की वेबसाइट पर जाकर आवेदन करना होगा। 30 सितंबर तक कोई भी आवेदक 17 बिंदुओं को पूरा कर प्रदूषण जांच केंद्र खोलने के लिए आवेदन कर सकता है।
वाहनों से होने वाले प्रदूषण से निजात दिलाने के लिए शासन की तरफ से नित नई-नई कवायदें की जा रही हैं। परिवहन विभाग की ओर से जनपद के प्रत्येक थाना क्षेत्र में प्रदूषण जांच केंद्र खोले जाने की कवायद की जा रही है। इनमें कोपागंज, दोहरीघाट, मधुबन, हलधरपुर, मुहम्मदाबाद गोहना, घोसी, चिरैयाकोट, रामपुर बेलौली, दक्षिणटोला, शहर कोतवाली, सरायलखंसी थाना शामिल हैं। वाहन स्वामी आसानी से जांच कराकर अपने वाहन का प्रदूषण प्रमाण पत्र प्राप्त कर सकेगा। जिले में वर्तमान में 11 प्रदूषण केंद्र संचालित हैं। प्रदूषण जांच केंद्र सिर्फ सोसायटी द्वारा ही खोली जाती थी। अब 10वीं पास कोई भी बेरोजगार आवेदन कर सकता है।
एआरटीओ रमेश चंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि कक्षा 10वीं पास कोई भी बेरोजगार इसके लिए आवेदन कर सकता है। आवेदक परिवहन विभाग की वेबसाइट पर 30 सितंबर तक 17 बिंदुओं पर जानकारी उपलब्ध कराते हुए आवेदन कर सकते हैं। इसके बाद आरआई की तरफ से भौतिक सत्यापन किया जाएगा। सत्यापन में सब कुछ सही पाए जाने पर प्रदूषण जांच केंद्र खोलने के लिए लाइसेंस प्रदान कर दिया जाएगा.