मधुबन चचाईपार में 19 दिन पहले बैंककर्मी के साथ हुई लूट का पर्दाफाश पुलिस ने मंगलवार को कर दिया। पुलिस ने दो बदमाशों को गिरफ्तार कर उनके पास से लूट की नगदी, तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद की है।
वहीं अंधेरे का लाभ उठाकर लुटेरों के दो सहयोगी फरार हो गए। इनकी तलाश पुलिस सरगर्मी से कर रही है। क्षेत्र के चचाईपार पुलिया के पास बीते 28 जुलाई को एक बैंककर्मी से असलहे की नोक पर बदमाशों ने 60 हजार रुपए की लूट की थी। इस मामले में पुलिस मुकदमा दर्ज कर खुलासा के प्रयास में जुटी हुई थी। इसी बीच सोमवार की रात क्षेत्राधिकारी अमित कुमार सिंह के दिशा निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक विमल प्रकाश राय अपने हमराही सिपाहियों के साथ गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर सिकड़ीकोल चौराहे पर बाइक से आ रहे दो बदमाशों को पकड़ा। पकड़े गए बदमाश विनोद यादव निवासी केरमा महरुपुर तथा नुरुल्लाहपुर निवासी उपेन्द्र यादव है। इसमें उपेंद्र यादव ने पिछले त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में दरगाह वार्ड से अपने परिवार की महिला को चुनाव लड़ाया था लेकिन वह चुनाव हार गई थी।