राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के तत्वावधान में स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत राज्य कर्मचारियों ने सप्तम वेतन आयोग की रिपोर्ट पर नाखुशी जताई है। साथ ही प्रधानमंत्री को संबोधित पत्र भेजा। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिलाध्यक्ष रामाश्रय यादव के नेतृत्व मेें राज्य कर्मचारियों ने एकत्र होकर प्रधानमंत्री को संबोधित पोस्टकार्ड लिखा। पत्र में लिखा गया है कि सप्तम वेतन आयोग की रिपोर्ट में राजपत्रित अधिकारियों के सापेक्ष तृतीय व चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों के वेतन में भारी अंतर है।
कर्मचारियों के पक्ष को नजरंदाज किया गया है। जिलाध्यक्ष रामाश्रय यादव ने कहा कि रिपोर्ट का विरोध, राज्य स्तर पर लंबित समस्याओं का निस्तारण या प्रदेश सरकार द्वारा सार्थक पहल न किए जाने के चलते 21 दिसंबर को जुलूस निकाला जाएगा। जुलूस इंजीनियर संघ भवन पीडब्ल्यूडी डाक बंगला से रोडवेज होते हुए कलेक्ट्रेट तक जाएगा। 22 से 23 दिसंबर को कार्य बहिष्कार कर कलेक्ट्रेट परिसर में धरना दिया जाएगा। मंडलीय मंत्री सीताराम कुशवाहा, आनंद सोनकर, अजय कुमार, रमेश यादव, जयदेश, रामजतन यादव, संत कुमार गुप्ता आदि मौजूद रहे।