नगर पालिका मऊ की तरफ से आयोजित गोल्ड कप आल इंडिया फुटबाल टूर्नामेंट में गुरुवार को लीग चरण का छठा मैच ओएनजीसी मुंबई और डीएफए वाराणसी के बीच खेला गया। ओएनजीसी मुंबई के खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन कर डीएफए वाराणसी को 2-0 से हरा कर परिणाम अपने पक्ष में कर लिया। खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन से दर्शक दीर्घा तालियों से गूंजता रहा।
मैच के शुरू से ही ओएनजीसी मुंबई ने जोरदार खेल पेश किया। ओएनजीसी मुम्बई ने मैच पर अपना दबदबा बनाया और मैच के 33वें मिनट में ओएनजीसी मुंबई के नीतेश के पास पर कप्तान इनाक अन्नान ने गोल कर अपनी टीम को बढ़त दिलायी। पुन: मैच के 38वें मिनट में सत्यम शर्मा के पास पर इनाक अन्नान ने एक बार फिर शानदार गोलकर अपनी टीम की बढत 2-0 कर दी। मैच के पहले हाफ तक ओएनजीसी मुम्बई 2-0 से आगेे रही।
दूसरा हाफ शुरू होते ही ओएनजीसी मुंबई एक बार फिर काफी आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। मैच के 65वें मिनट में एक बार फिर ओएनजीसी के कप्तान के शानदार प्रयास को डीएफए वाराणसी के गोल कीपर ने बेहतरीन तरीके से विफल किया और दूसरे हाफ में दोनों टीमें कोई गोल नहीं कर सकीं। मैच ओएनजीसी मुम्बई ने 2-0 गोल से जीत लिया। मैच के मुख्य अतिथि सालिम अंसारी पूर्व सांसद राज्य सभा, कामरेड वीरेन्द्र कुमार, मुन्ना दूबे, भरत लाल राही खालिद अंसारी, शमशुलहक चैधरी ने हाफ के बाद खिलाडियों से परिचय प्राप्त किया। उन्होनें सम्बोधित करते हुए कहा कि नगर पालिका द्वारा इतना बड़ा आयोजन कर मऊ के लागों को सौगात दी, और गंगा यमुनी तहजीब को बढावा दिया है । मैच में मुख्य रुप से पालिका के सभासदगण, फैज अहमद, डीएफए के पदाधिकारी उपस्थित रहे। पुनीत