गैंगस्टर एक्ट में बांदा जेल में निरुद्ध मुख्तार अंसारी को जेल मे उच्च श्रेणी की सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग को लेकर दिए गए प्रार्थना पत्र के मामले मे विशेष न्यायाधीश गैंगेस्टर एक्ट राम अवतार प्रसाद की कोर्ट मे बुधवार को सुनवाई हुई। मामला मऊ के दक्षिण टोला थाना के क्षेत्र का है।
इस दौरान विशेष लोक अभियोजक ने प्रार्थना पत्र के साथ शपथपत्र देने वाले अनवर शहजाद को तलब किए जाने के लिए प्रार्थना पत्र दिया। जिस पर मुख्तार अंसारी के अधिवक्ता दारोगा सिंह को सुनने के बाद विशेष न्यायाधीश ने शपथ पत्र देने वाले अनवर शहजाद को कोर्ट मे व्यक्तिगत रूप से तलब करते हुए, सुनवाई के लिए 19 जुलाई की तिथि नियत किया है।
प्रार्थना पत्र में उल्लेख किया है कि मुख्तार अंसारी न्यायिक अभिरक्षा में बांदा जेल में बंद है। जेल मैनुअल के अनुसार जेल में निरुद्ध बंदियों की श्रेणी का निर्धारण करते समय विचार किए जाने के लिए जिन आधारों को मानदंड बनाया जाता है । उसके अनुसार मुख्तार अंसारी पूर्ण रूप से उच्च श्रेणी के बंदी की सुविधा प्राप्त करने के हकदार हैं। क्योंकि मुख्तार अंसारी विचाराधीन बंदी हैं।