मऊ के घोसी कोतवाली क्षेत्र के मंझनपुर गांव निवासी महिला की विगत दिनों मौत हो गई थी। इस मामले में पुलिस ने मृतका के पिता की तहरीर पर पति सहित पांच लोगों के विरुद्ध दहेज हत्या समेत अन्य मामलों में मुकदमा दर्ज किया है। तीन आरोपी को गिरफ्तार कर अन्य की तलाश पुलिस कर रही है।
तहरीर के अनुसार, दोहरीघाट थाने के अपडड़िया हरिपरा गांव निवासी राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि उसकी पुत्री माया की शादी 28 जून 2018 को मंझनपुर गांव निवासी जयकरन के साथ हुई थी। आरोप है कि दामाद जयकरन दुकान करने के लिए माया पर 50 हजार रुपये की मांग को लेकर दवाब बनाते थे। राजेंद्र ने आरोप लगाया कि 15 अगस्त की शाम को लगभग छह बजे अपडड़िया हरिपरा गांव के एक व्यक्ति ने मृतका के भाई को फोन कर बताया कि आपकी बहन के साथ कुछ ठीक नहीं है। भाई ने माया के मोबाइल पर फोन किया तो उसके देवर पंकज ने सिर्फ इतना बताया कि माया ठीक नहीं है। मायके वालों को शंका हुई तो बड़ी बेटी संजू को जल्द भेजा।
संजूूू मृतका के घर जा रही थी, तभी रास्ते में माया के शव का अंतिम संस्कार कराने के लिए उसके ससुराल वाले ले जा रहे थे। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार दुबे का कहना है कि पीएम रिपोर्ट में गला कसने से मौत की पुष्टि हुई है। तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जल्द ही दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मृतका के पिता राजेंद्र प्रसाद की तहरीर पर आरोपी पति जयकरन, ससुर राम बचन, सास कलमी, देवर पंकज और ननद साधना के विरुद्ध दहेज हत्या समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने जय करन, राम बचन और सास कलमी को गिरफ्तार कर लिया।