मु। थाना क्षेत्र के ग्राम सभा खुखुंदवा स्थित ब्लॉक संसाधन केंद्र में मंगलवार की देर रात नकाबपोश चोरों ने ब्लॉक संसाधन केंद्र में सुरक्षा के लिए तैनात चपरासी को बंधक बनाते हुए लाखो रुपये मूल्य का सामान लूट ले गए। बुधवार की सुबह चपरासी ने चोरी की सूचना खंड शिक्षा अधिकारी को दिया। चोरी की सूचना पाकर मौके पुलिस डाग स्वायड के साथ पहुंचकर मामले की छानबीन करने में जुट गई है।
कोपागंज थाना के ग्राम सभा खुखुंदवा स्थित ब्लॉक संसाधन केंद्र बना हुआ है। जहां कार्यालय की सुरक्षा के लिए विभाग के चपरासी रमाकांत राय रात में रुकते हैं। मंगलवार की रात भी रमाकांत कार्यालय में सो रहे था। चपरासी के अनुसार रात दो बजे के करीब तीन नकाबपोश चोर केंद्र के मुख्य गेट का ताला तोड़कर अंदर घुस आए और उसे सोते से उठाकर जान से मारने की धमकी देते हुए उसका मोबाइल छीन कर बाहर फेंक दिया। इसके बाद चोरों ने ब्लॉक संसाधन केंद्र में रखा दो कंप्यूटर, दो प्रिंटर चोरी करने के साथ लगे दो सीसीटीवी कैमरा और डीबीआर उठा ले गए।
उधर चोरों के जाने के बाद बुधवार की भोर पांच बजे चपरासी ने इसकी सूचना खंड शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार गौतम को दिया। खंड शिक्षा अधिकारी ने तत्काल इसकी सूचना कोपागंज पुलिस को दिया। सूचना पाकर मौके पर थानाध्यक्ष अजय कुमार त्रिपाठी पहुंचकर मामले की जांच पड़ताल में जुट गए। उन्होंने बताया कि चोरी की घटना संदिग्ध लग रही है, कहा कि ब्लॉक संसाधन केंद्र में पांच कंप्यूटर और रखे हैं, लेकिन चोरो ने उन ही दो कंप्यूटर को ले गए है, जिस पर कार्य होता था। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है, जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।