Mau News : मऊ जिले में परिवार परामर्श की बैठक में 52 मामले आए, जिसमें 15 मामलों का निस्तारण किया गया। इस दौरान एक विवाहिता ने गुहार लगाई कि उसकी ननद अपने मायके में ही रहती है और सास-ससुर को भड़काकर घर में कलह कराती है।
शादी होने के बाद भी ननद ससुराल में रहने के बजाय मायके में रहती है। वह नियमित रूप से मेरे सास ससुर को भड़का कर विवाद करती है। यह गुहार रविवार को पुलिस लाइन सभागार में आयोजित परिवार परामर्श की बैठक में एक महिला ने सदस्यों के समक्ष लगाई। वहीं महिला ने आरोप लगाया कि उसका पति भी उसे घर में नहीं रहने दे रहा है। इस पर सदस्यों द्वारा महिला की ननद को सख्त हिदायत दी गई कि वो अपने ससुराल रहे। साथ ही मायके का घर बर्बाद न करने की सलाह दी गई।
विज्ञापन
वहीं एक अन्य मामले में पीड़िता ने बताया कि उसका पति विदेश में है और उनके ही बनाए घर में ससुराल के लोग रहने नहीं दे रहे हैं। महिला ने मांग की उसे ससुराल में हिस्सा चाहिए। इससे पहले सुबह दस बजे से शुरू हुई बैठक में 52 मामले आए, जिसमें 15 मामलों का निस्तारण किया गया। जबकि चार मामलों में दंपती आपसी कलह भुलाकर साथ रहने को तैयार हुए। वहीं सात मामलों को कोर्ट में चलने अथवा प्रार्थिनी की अनुपस्थिति के कारण बंद की गई है। बैठक में अर्चना उपाध्याय, सर्वेश दूबे, शाहिद पैरिस, मौलवी अरशद तथा एसआई समरजीत यादव ने मामलों का निस्तारण किया।