मुहम्मदाबाद गोहना। रानीपुर थाना क्षेत्र के भुसुवा गांव में डीह स्थान से अवैध कब्जा हटाने को लेकर विश्व हिंदू महासंघ के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को जिला अध्यक्ष आशुतोष सिंह और जिला महामंत्री राघवेंद्र सिंह के नेतृत्व में धरना दिया। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ताओं ने तहसील में नारेबाजी करते हुए वहां से कब्जा हटाने को उप जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर दो दिन का अल्टीमेटम दिया। हिन्दू महासंघ के जिलाध्यक्ष आशुतोष सिंह ने कहा कि भुसुआ गांव में डीह स्थान है। वहां प्रतिदिन सैकड़ों लोग पूजा पाठ करने जाते हैं। लेकिन गांव के ही कुछ लोगों ने वहां आसपास की जमीन पर जानवरों के बांधने का स्थान बनाकर नाद, गोबर, उपले आदि रख दिया है जिससे लोगों को पूजा करने में दिक्कतें आती हैं। मना करने पर कब्जा करने वाले लोग श्रद्धालुओं से मारपीट करने पर आमदा रहते हैं। कहा कि कई बार मना करने और अधिकारियों को संज्ञान में लाने के बावजूद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई।
संघ ने चेतावनी दी कि यदि दो दिन के अंदर वहां से तहसील प्रशासन द्वारा अवैध कब्जा नहीं हटाया गया तो विश्व हिंदू महासंघ के कार्यकर्ता धरना प्रदर्शन और तहसील के सामने चक्का जाम करने को बाध्य होंगे। इस दौरान भाजपा नेता छोटू प्रसाद समेत अन्य सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।