मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की तरफ से शुक्रवार को मुहम्मदाबाद गोहना क्षेत्र के करहां, चिरैयाकोट और मुहम्मदाबाद गोहना कस्बा में कुल छह दुकानों पर छापेमारी की गई। टीम ने खोवा, छेना और सरसों तेल के नमूने लेकर जांच के लिए भेजा गया। जांच टीम की छापामारी की खबर पर क्षेत्र में दुकानें धड़ाधड़ बंद होने लगीं। इस दौरान मिठाई के कई दुकानदार अपनी दुकान बंद कर मौके से भाग निकले।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के क्षेत्रीय इंस्पेक्टर पंकज यादव और बिंदु पांडेय के नेतृत्व में छह सदस्यीय जांच दल ने चिरैयाकोट में शशिकांत की दुकान से पनीर का सैंपल, करहां बाजार स्थित अफरोज स्वीट हाउस, रॉयल स्वीट, हरिशंकर और अयोध्या प्रसाद की दुकान से छेना और खोवा का सैंपल लिया।
इसके बाद जांच टीम ने मुहम्मदाबाद गोहना कस्बा में गौरी शंकर की दुकान से मोदी ब्रांड सरसों तेल का नमूना इकट्ठा किया। इस दौरान निरीक्षक पंकज यादव ने मिठाई दुकानदारों को सचेत किया कि दीपावली पर्व पर अगर किसी भी प्रकार का नकली खोवा या छेना से बनी मिठाइयां मिली तो संबंधित दुकानदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई किया जाएगा। इसी प्रकार उन्होंने किराना दुकानों पर बिक रहे नकली सरसों तेल, मसाला और ब्रांडेड खाद्य सामानों के आड़ में नकली ब्रांड के उत्पादों के खिलाफ भी दुकानदारों को सचेत करते हुए सख्त हिदायत दिया।