मऊ। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वाधान में 75 वीं आजादी का अमृत महोत्सव के तहत विधिक सेवा सप्ताह के अवसर पर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जन कल्याणकारी योजना को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव कुंवर मित्रेश सिंह कुशवाहा की अध्यक्षता बैठक हुई। बैठक में सचिव ने कहा कि केंद्र सरकार एवं राज्य सरकार द्वारा चलायी जा रही लाभपरक योजनाओं के बारे में लोगों को जानकारी दी जाए ताकि अधिक से अधिक लोग योजना का लाभ उठा सकें।
कहा कि पारिवारिक विवादों की संख्या बढ़ती जा रही है, लोग थानों एवं न्यायालयों का चक्कर लगाते है । अपनी मेहनत की कमाई को भाग दौड़ में लगा देते हैं। इन सभी खर्चों को रोकने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण में किसी भी प्रकार की समस्या लिखित रूप में दें। उन्होने कहा कि छोटीे-छोटी बातो को लेकर पारिवारिक विवाद हो जाता है, और परिवार बिखर जाता है । दोनों आपस में थानों में या तो न्यायालयों में मुकदमेबाजी करते हैं, जिसके कारण लंबे समय तक मानसिक एवं आर्थिक रूप से परेशान रहते है। सचिव ने पात्र लाभार्थियों से अपील भी किया कि अपने आस पास के लोगों को योजनाओं के बारे में बतायें जिससे उनको लाभ मिल सके।
पात्र लाभार्थियों को स्वीकृत प्रमाण पत्र का वितरण सचिव और मुख्य विकास अधिकारी रामसिंह वर्मा, मुख्य राजस्व अधिकारी केहरी सिंह ने संयुक्त रूप से किया । कलेक्ट्रेट परिसर में विभागों द्वारा चलायी जा रही जन कल्याणकारी योजनाओं का स्टाल लगाकर लोगों को संचालित योजनाओं की जानकारी दी। जिसमें प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, मुख्यमंत्री आवास योजना शहरी, आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, श्रम विभाग, राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, महात्मा गाधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार, वन स्टाफ सेंटर, महिला कल्याण विभाग, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला, स्वच्छ भारत मिशन, संचारी रोग, राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग, समाज कल्याण विभाग, दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, खाद्य एवं रसद विभाग, कृषि विभाग, हथकरघा विभाग, कौशल विकास मिशन, स्वयं सहायता समूह एवं शिक्षा विभाग द्वारा स्टाल लगाकर जानकारी दी।
उक्त अवसर पर जिला कृषि अधिकारी उमेश कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी समर बहादुर सरोज, समाज कल्याण अधिकारी उमाशंकर वर्मा, जिला दिव्यांजन कल्याण अधिकारी रितेश बिन्दल, संध्या सिंह, विनिता पांडेय सहित आदि लोग उपस्थित रहें।