मऊ। रानीपुर ब्लाक क्षेत्र के दो विद्युत उपकेंद्र की बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण रविवार की आधी रात से 70 गावों की आपूर्ति 14 घंटे तक बाधित रही। रविवार की रात आंधी पानी के कारण भीटी दो नंबर फीडर का तार टूटकर रानीपुर के तैतीस हजार वोल्ट के तार पर गिर गया। जिसके कारण मेन लाइन के फाल्ट हो जाने से रविवार की रात से ही ब्लाक क्षेत्र के रानीपुर उपकेंद्र और हिरणपुर उपकेंद्र से सम्बंधित फतेहपुर, गोकुलपुरा, पड़री, काझा, कमरवा, अकबरपुर, खिरिया, कमथरी, पिरुवा आदि 70 गांवों की बिजली आपूर्ति 14 घंटे तक बाधित रही।
बिजली न रहने के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। एक ओर जहां दोनों उपकेंद्र से संबंधित गांवों में रातभर अंधेरा पसरा रहा। वहीं कुटीर उद्योग धंधे भी प्रभावित रहे।बिजली आपूर्ति बाधित रहने के कारण मोटर सबमर्सिबल पंप आदि न चलने के कारण सोमवार की सुबह लोगो को पानी की समस्या से जूझना पड़ा।विभागीय कर्मचारियो के द्वारा फाल्ट को ठीक कर सोमवार की दोपहर 14 घण्टे बाद दोनों फीडरों की आपूर्ति चालू कराई गई। इस सम्बंध में अवर अभियंता छोटेलाल ने बताया कि फाल्ट को ठीक कराकर आपूर्ति बहाल करा दी गई है।