जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में बने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में रामभरोसे उपचार हो रहा है, यह स्थिति रात के समय ओर बदतर हो जा रही है।अमर उजाला द्वारा इस समस्या को लेकर जारी नाइट लाइव कवरेज के तहत सोमवार की देर शाम कोपागंज सीएचसी का लाइव कवरेज किया गया।लाइव कवरेज के दौरान अमर उजाला की टीम को इमरजेंसी में चिकित्सक तो मौजूद मिला, लेकिन फार्मासिस्ट, वार्ड ब्याय गायब मिले। चौकाने वाली बात है कि जब टीम पहुंची तो उस समय चिकित्सक सड़क हादसे में घायल होकर पहुंचे एक मरीज का अकेले ही उपचार करते दिखे।
अमर उजाला की टीम सोमवार की देर शाम रात नौ बजकर 15 मिनट पर कोपागंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के इमरजेंसी कक्ष में पहुंची। टीम को वहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ.वेद प्रकाश गुप्ता कोपागंज थाना क्षेत्र के किसी जगह पर सड़क हादसे में घायल होकर पहुंचे एक युव मरीज का मरहम पट्ठी करते दिखे। इस दौरान टीम करीब 15 मिनट तक इमरजेंसी कक्ष के पास रही। लेकिन इस दौरान न तो ड्यूटी पर तैनात फार्मासिस्ट मौजूद मिले न ही वार्डब्याय। जबकि डाक्टर के अलावा गेट पर चौकीदार के अलावा एक महिला स्टॉफ मुस्तैदी से ड्यूटी करते मिले।इस बाबत केंद्र अधीक्षक डॉ. अनील कुमार से जानकारी लेने के लिए फोन किया गया तो उनके द्वारा फोन रिसिव नहीं करने पर सीएमओ डॉ. एसएन दुबे से बातचीत की गई। जिस पर सीएमओ ने मामले की जानकारी केंद्र अधीक्षक से लेकर जांच कराने की बात कही।