मऊ। जिलाधिकारी अमित सिंह बंसल की अध्यक्षता में बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिले के उद्यमियों की समस्याओं को लेकर बैठक का आयोजन किया गया। इस अवसर पर व्यापारियों तथा उद्यमियों की समस्याओं तथा उनके सुरक्षा संबंधी विषयों की समीक्षा करने के साथ उनके निस्तारण पर चर्चा की गई।
बैठक में औद्योगिक आस्थान सहादतपुरा की सड़क मरम्मत, औद्योगिक इकाईयों की सुरक्षा व्यवस्था, विभागीय योजनाओं की समीक्षा की गई। इसके साथ ही एक जनपद एक उत्पाद प्रशिक्षण एवं टूल किट योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, हस्तशिल्प विपणन योजना, मुख्यमंत्री विशिष्ट हस्त शिल्प पेंशन योजना, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना, राष्ट्रीय राजमार्ग पनियरा से बढुआगोदाम पर लाईन शिफ्टिंग, औद्योगिक आस्थान सहादतपुरा के नाला एवं पानी की निकासी, औद्योगिक क्षेत्र ताजोपुर के विद्युत विच्छेदन के उपरांत भी अनियमित विद्युत बिल आने के संबंध में चर्चा की गयी।
जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड प्रथम को निर्देश दिया गया कि औद्योगिक क्षेत्रों के साथ-साथ शहर में भी विद्युत आपूर्ति प्रदेश सरकार की तरफ से निर्धारित समय सारिणी के अनुसार उपलब्ध कराया जाए। अधिशासी अभियंता प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग को जिलाधिकारी ने निर्देश दिये गए कि औद्योगिक क्षेत्रों में जाने वाले सड़क की मरम्मत जल्द से जल्द करा लें। साथ ही जिला अग्रणी प्रबंधक को निर्देशित किया कि जिन-जिन बैंको में उद्योग करने से संबंधित ऋण के लिए आवेदन लंबित हैं उन्हें जल्द से जल्द पूर्ण कराएं।
इस मौके पर अपर जिलाधिकारी केहरी सिंह, उपायुक्त उद्योग सगीर अहमद , अधिशासी अभियंता सुबोध कुमार, चेयरमैन नगर पालिका परिषद तैयब पालकी, एमएच पाल, उमाशंकर ओमर, आनंद बरनवाल, रामानुज मिश्रा, एके सिंह आदि उपस्थित रहे।