शहर कोतवाली क्षेत्र के अंधा मोड़ भीटी स्थित रामस्वरूप भारती इंटर कालेज में मंगलवार को एक शिक्षक की पिटाई से दसवीं की छात्रा बेहोश हो गई।
घटना की सूचना पाकर छात्रा के परिवारीजन स्कूल पहुंचे। बेहोश छात्रा को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। परिवारीजन ने इसकी शिकायत स्कूल के प्राचार्य से की। लेकिन कोई संतोषजनक उत्तर न पाकर आरोपी अध्यापक के खिलाफ कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया। छात्रा के भाई गोविंद की तहरीर पर पुलिस ने शिक्षक के विरुद्घ मुकदमा दर्ज किया।
कस्बे के रामस्वरूप भारती इंटर कालेज में भीटी निवासी वंशगोपाल सिंह की पुत्री अर्चना सिंह दसवीं की छात्रा है। वह सोमवार स्कूल नहीं गई थी। मंगलवार को जब वह स्कूल पहुंची तो उसे विज्ञान पढ़ाने वाले शिक्षक आरपी सिंह ने बुलाया और होमवर्क दिखाने के लिए कहा । अर्चना सोमवार को स्कूल नहीं आई थी इसलिए वह होम वर्क नहीं दिखा सकी।
सोमवार को स्कूल न आने की बात अर्चना ने शिक्षक को बताई भी, लेकिन शिक्षक ने डांटने फटकारने के बाद अर्चना की छड़ी से पिटाई करनी शुरू कर दी। शिक्षक द्वारा प्रताड़ना की इस घटना से अर्चना डर कर बेहोश हो गई।
इसके बाद स्कूल में अफरातफरी मच गई।किसी तरह से उसके परिवार के सदस्यों को इस घटना की जानकारी हुई। वे तत्काल स्कूल पहुंचे। अर्चना को जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया। शहर कोतवाल कुंवर बहादुर सिंह ने बताया कि छात्रा के भाई की तहरीर पर आरोपी शिक्षक के खिलाफ आईपीसी की धारा 323 के तहत मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
उधर स्कूल के प्रधानाचार्य सुनील सिंह ने शिक्षक द्वारा छात्रा की पिटाई की घटना से इनकार करते हुए कहा कि शिक्षक के डांटने पर वह डरकर गिर गई थी। स्कूल में पिटाई की कोई घटना नहीं हुई।