मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के करहां बाजार मिल रोड पर मंगलवार की शाम करीब तीन बजे के करीब बाइक सवार को अनियंत्रित ट्रक ने टक्कर मार दिया। दुर्घटना में बाइक सवार युवक की मौके पर मौत हो गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मौके पर जाम लगा दिया। इससे मुहम्मदाबाद गोहना-चिरैयाकोट मार्ग पर यातायात व्यवस्था चरमरा गई। जाम की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे उपजिलाधिकारी और क्षेत्राधिकारी मुहम्मदाबाद गोहना ने मुआवजा दिलाने का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया। इस पर दो घंटे बाद जाम समाप्त हुुुआ। पुलिस युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के माहपुर परवा गांव निवासी संजीव चौहान पुत्र घूरफेकन मंगलवार को दिन में करहां बाजार से अपने गांव वापस लौट रहा था। दोपहर तीन बजे के करीब जब वह करहां बाजार से मिल मोड़ की तरफ घुमा तभी विपरीत दिशा चिरैयाकोट की तरफ से आ रहे ट्रक ने उसे धक्का मार दिया। इस दुर्घटना में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर के बाद गिरा युवक का सिर ट्रक के पहिए के नीचे आ गया।
संजीव की दर्दनाक मौत की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने जाम लगा दिया। युवक की मौत और जाम की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे उपजिलाधिकारी डा. आरडी पांडेय, क्षेत्राधिकारी अनिल कुमार के आलावा रानीपुर और मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली पुलिस भी पहुंच गयी। दो घंटे बाद एसडीएम के आश्वासन पर जाम समाप्त हुआ। रानीपुर पुलिस ने शव को कब्जा मे लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।