बालू खनन के लिए रंज नदी में माफियाओं द्वारा बनाया गया अवैध पुल ढहा दिया गया। जेसीबी की मदद से पुल के दोनों छोरों पर गहरे गड्ढे भी करा दिए गए। एमपी की बालू लाकर यूपी में बेची जा रही थी।
मध्य प्रदेश के कटरी और बरकोला गांव के बीच रंज नदी में सीमेंट के ह्यूम पाइप डालकर बालू चोरों ने अवैध पुल बना लिया था। रात-दिन ट्रैक्टरों में धड़ल्ले से बालू की ढुलाई की जा रही थी। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत उच्चाधिकारियों से की।
अफसरों के निर्देश पर सोमवार की रात कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मोहम्मद शरीफ पुलिस बल के साथ घाट पहुंचे और जेसीबी की मदद से अवैध पुल तहस-नहस करा दिया। दोनों छोरों पर गहरे गड्ढे भी करा दिए, ताकि बालू भरे ट्रैक्टर न निकल सकें।
उधर, केन नदी में शिवपुर घाट में भी बालू चोरी के लिए ट्रैक्टरों की धमाचौकड़ी रहती है। खनन पर रोक के बावजूद बालू चोरों की करतूत नहीं रुक रही। यहां भी खनन की शिकायत रंग लाई। कोतवाली पुलिस ने बालू घाट वाला रास्ता दोनों तरफ से खुदवा दिया।