फतहपुर मण्डाव क्षेत्र के मर्यादपुर बाजार में गुरुवार को 1000-500 रुपये बंद होने के बाद गुरुवार को पोस्ट आफिस में रुपये जमा करने आए एक वृद्ध को बोलेरो सवार बदमाशों ने डरा-धमका एवं उसके मुंह में कपड़ा ठूंसकर 82 हजार रुपये लूट लिए। रुपये लूटने के बाद वृद्ध को कुछ दूर पर उतारकर बोलेरो सवार फरार हो गए।वृद्ध रोते-बिलखते किसी प्रकार पुलिस के पास पहुंचा और सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस बोलेरो सवार बदमाशों के सुराग में लगी रही लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका।
मधुबन थाना क्षेत्र के वस्ती वर्सी निधियांव निवासी यार मुहम्मद गुरुवार को मर्यादपुर पोस्ट आफिस पर पैसा जमा करने के लिए आए थे। 82 हजार 500 रुपये लेकर वह पोस्ट आफिस पर लंबी लाइन में लगे लेकिन उनकी हिम्मत जवाब देने लगी। पैसा लेकर वह घर जाने के लिए बस स्टाप पर खड़े होकर सवारी वाहन का इंतजार कर रहे थे।
तभी एक बोलेरो सवार चार बदमाश आए और सवारी गाड़ी बताकर वृद्ध को झांसा देकर गांव छोड़ने की बात कहकर बैठा लिए। कुछ दूर जाने के बाद उसके गांव के सामने बोलेरो नहीं रुकी तो पीड़ित व्यक्ति चिल्लाने लगा। शोर मचाता देख बदमाशों ने उसे डराया धमकाया और उसके मुंह पर कपड़ा बांधकर बेल्थरारोड पीपरौली के समीप रुपये छिन कर चलती गाड़ी से धक्का देते हुए नीचे गिरा दिया। पीड़ित मामूली रूप से घायल भी हो गया।
मधुबन थाने पहुंच कर पीड़ित ने अपनी आप बीती सुनाते हुए अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस मामले में जांच पड़ताल में जुट गई है। इस संबंध में सीओ आनंद सिंह का कहना है कि लूट की सूचना मिली है। पुलिस पीड़ित व्यक्ति की तहरीर पर मामले की जांच पड़ताल में लगी हुई है।