बंद किये गए पांच सौ व हजार रुपये के नोटों को कम दाम में खरीदने की सूचना पर कोतवाली पुलिस ने छापामारी की। इस मामले में एक सटोरिया को भी हिरासत में लिया गया है। तलाशी लेने पर पुलिस को सट्टे की पर्चियां तो बरामद हुई, लेकिन नोट बदली को लेकर साक्ष्य नहीं मिले।
बुधवार रात पुलिस को सूचना मिली कि चौक बाजार स्थित एक खोके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से बंद किये गए पांच सौ व हजार के नोटों को कम रुपये देकर बदली किया जा रहा है। यह भी बताया कि आरोपी पांच से छह लोग है और सट्टे का कारोबार भी करते हैं। इस पर एसआई वीरेंद्र शर्मा ने पुलिस बल के साथ दबिश दी। इसमें खोखा मालिक साहूकारा निवासी अर्पित गुप्ता को पुलिस ने दबोचा लिया। मुखबिर से मिली सूचना पर खोके की तलाशी शुरू की गई लेकिन नोट बदली के साक्ष्य नहीं मिले। इस दौरान खोके से सट्टे की पर्चियां और 425 रुपये की नकदी बरामद हुई। कुछ ही देर में कई सफेदपोश कोतवाली पहुंचकर सटोरियों को छुड़ाने की जद्दोजेहद में जुट गए लेकिन मामला अफसरों के संज्ञान में आने के बाद कार्रवाई की गई।
-------
नोट बदली की सूचना पर दबिश दी गई थी लेकिन मौके से आरोपी के पास से सट्टा पर्ची और नकदी बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ सट्टे की धाराओं में कार्रवाई की गई है। नोट बदली की सूचना को लेकर गहनता से जांच की जा रही है।
-इंद्र सिंह, शहर कोतवाल