मऊ कोतवाली क्षेत्र के भीड़भाड़ वाले इलाके आजमगढ़ मोड़ पर सोमवार को अपराह्न ढाई बजे नगर पालिका कर्मचारी के पुत्र से बाइक सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े एक लाख रुपये लूट लिये। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन की। इस मामले में पीड़ित ने थाने में तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने लूट की जगह चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस इसे चोरी मान रही है।
नगर पालिका कर्मचारी कमलेश यादव पुत्र शिवनाथ कोपागंज थाने के अहिरपुरा गांव का निवासी है। वह नगर पालिका मऊ में बतौर ट्युबवेल आपरेटर तैनात हैं। कमलेश के अनुसार, इस समय उसके घर पर काम चल रहा है। इसके चलते रुपये की जरूरत थी। कमलेश ने अपनी पत्नी को घर से केनरा बैंक स्थित उसके खाते से रुपया निकालने के लिए बुलवाया। पीड़ित के अनुसार, उसने रुपया निकालकर पत्नी को दिया। साथ ही वह कुछ दूर आगे बढ़ गया। इस दौरान रुपये का झोला उसका पुत्र लेकर बाइक की डिग्गी में रखने लगा, तभी पीछे से आए बाइक सवार बदमाशों ने उसके पुत्र के हाथ से झोला छीन लिया और फरार हो गए। यह देख सभी अवाक रह गए। उन्होंने जब तक शोर मचाया, बदमाश फरार हो गए। घटनास्थल से कुछ दूरी पर शहर कोतवाल वाहनों की चेकिंग कर रहे थे, लेकिन बदमाश पकड़े नहीं जा सके। अपर पुलिस अधीक्षक एसके श्रीवास्तव ने बताया कि पालिका कर्मचारी कमलेश की तहरीर पर कोतवाली में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ चोरी की रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही। जल्द की खुलासा होगा।