मधुबन थाना क्षेत्र के दुबारी स्थित जनता शिक्षा निकेतन इंटर कॉलेज में बुधवार को शिक्षक दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में पोस्टर फाड़ने को लेकर छात्रों के दो गुटों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। पुलिस ने मामला शांत कराया।
विद्यालय परिसर में आयोजित शिक्षक दिवस के अवसर पर दोपहर के समय छात्र कमरे में महापुरुषों का फोटो लगा रहें थे। तभी शुभम पुत्र रामभवन वहां पर डा. भीमराव आंबेडकर का फोटो लगा दिया। इस दौरान एक छात्र उस फोटो को फाड़ दिया। इसको लेकर दोनों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। इस बात की जानकारी होने पर विद्यालय के प्रधानाचार्य लालमणि यादव ने दोनों छात्रों को डांट-डपट कर शांत करा दिया। लेकिन कार्यक्रम समाप्त होने के बाद कॉलेज के बाहर निकलकर पुन: छात्र आपस में भिड़ गए। इस दौरान एक पक्ष के तरफ से उनके अभिभावक लाठी डंडा लेकर वहां पहुंच गए। तभी किसी ने डायल 100 पर को फोनकर इसकी सूचना पुलिस को दे दिया। मौके पर पहुुंचे चौकी प्रभारी दुबारी हरिलाल यादव ने भीड़ को खदेड़ कर वहां से हटाया। पुलिस ने मामला शांत कराया। इस संबंध में प्रधानाचार्य लालमणि यादव का कहना था कि बाहरी युवक के आने से ऐसी घटना घटी। जबकि सीओ मधुबन श्वेता आशुतोष को घटना की जानकारी ही नहीं थी। वहीं, स्थानीय थाने की पुलिस ने बताया कि उपद्रव करने वालों को डांट डपटकर भगाया गया। मामला शांत हो गया था।