हलधरपुर। थाना क्षेत्र के बलिया-मऊ राजधानी मार्ग पर हलधरपुर के निकट एक निजी अस्पताल के संचालक के विरुद्ध पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस ने संचालक के विरुद्ध कोई कार्रवाई नहीं की है। इससे लोगों में असंतोष है। इंद्रासनी हॉस्पिटल हलधरपुर का निरीक्षण अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, नोडल अधिकारी डॉ. अमर सिंह और अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पीके राय ने 29 अक्टूबर को निरीक्षण किया था।
अधिकारियों ने निरीक्षण के दौरान पाया कि अस्पताल के अंदर अत्यधिक मात्रा में एलोपैथिक औषधियां, मशीन, ऑपरेशन थिएटर व ऑपरेशन थिएटर में कार्डियक, ऑपरेशन टेबल के अतिरिक्त ऑपरेशन से संबंधित चिकित्सालय में उपकरण मौजूद हैं। चिकित्सालय में उभाव थाने के टंगुनिया निवासी वंदना सहित चार महिला मरीज भर्ती थीं। इन महिलाओं की बच्चेदानी के ऑपरेशन हुए थे। संचालक योगेंद्र ने बताया कि ये ऑपरेशन डॉ. सर्जन डॉ. संजय गुप्ता ने किए हैं और एक एनेस्थीसिया विशेषज्ञ ने इनकी मदद किया है। अधिकारियों के मांगने पर संचालक चिकित्सा अभ्यास से संबंधित अभिलेख नहीं दिखा सके । पुलिस ने 2 सदस्यीय टीम की रिपोर्ट पर 13 नवंबर को मुकदमा दर्ज कर लिया। लेकिन छह दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस ने संचालक के विरुद्ध कोई कार्रवाई नहीं किया। इस संबंध में एएसपी ने एसके श्रीवास्तव का कहना है कि पुलिस जांच कर रही है।