मऊ। सरायलखंसी थाना क्षेत्र के एक गांव की 10वीं कक्षा की एक छात्रा के साथ छेड़खानी और मारपीट करने वाले तीन आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने सोमवार की शाम मुकदमा दर्ज कर लिया। इनमें से एक शोहदा 10 वीं की छात्रा से एक सप्ताह से लगातार छेड़खानी कर रहा था। छठ पूजा के दिन सुबह छेड़खानी का विरोध करने पर मनबढ़ों ने छात्रा के चचेरे भाई की जमकर पिटाई कर दिया। शोहदों के डर से परिवार वालों ने छात्रा स्कूल जाना बंद करा दिया था।
थाना मुख्यालय के दक्षिणी छोर पर स्थित एक गांव की 15 साल की छात्रा अपने गांव से बढ़ुआगोदाम स्थित एक स्कूल में पढ़ने जाती है। छात्रा को स्कूल जाते समय एक युवक लगातार छेड़छाड़ करता था। इसकी हरकतों से आजिज छात्रा ने अपने परिवार वालों को यह बात बताई तो पहले तो परिजनों ने उनके घर वालों से शिकायत कर उन्हें समझाने को कहा। लेकिन शोहदे की हरकतों में कमी नहीं आई। छठ पूजा के दौरान छात्रा अपने परिवार और अन्य महिलाओं के साथ पूजा वाले सरोवर पर गई थी। वहां पर इस शोहदे ने सरेआम छात्रा के साथ छेड़खानी कर दिया। छात्रा के चचेरे भाई ने उनका विरोध किया तो शोहदे ने अपने तीन साथियों के साथ उसकी जमकर पिटाई कर दिया। मनबढ़ों ने छात्रा और उसके भाई और परिवार वालों को धमकाया। पिता ने पुलिस को तहरीर दी। लेकिन पुलिस तहरीर पर मुकदमा दर्ज करने में आनाकानी करती रही। अमर उजाला ने इसे 19 नवंबर को प्रमुखता से खबर प्रकाशित किया। तब जाकर पुलिस ने सोमवार को आरोपी गोपाल सिंह, राकेश सिंह, सौरभ सिंह और श्रीप्रकाश सिंह के विरुद्ध एससीएसटी एक्ट सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया।
सीओ सिटी आलोक कुमार जायसवाल का कहना है कि तहरीर के मुताबिक आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।