संचारी रोगों को लेकर नगर पालिका परिषद में सफाई (स्वास्थ्य) विभाग की विशेष बैठक हुई। जिसमें अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार ने पालिका द्वारा चलाए जा रहे संचारी रोगों की रोकथाम के संबंध में पालिका अधिकारियों के साथ समीक्षा की।
इस मौके पर अधिशासी अधिकारी ने कहा कि विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान में वार्ड सभासदों के सहयोग से अभियान चलाया जा रहा है। स्वास्थ्य कर्मी ‘डोर टू डोर’ जाकर चिकनगोनिया, क्षय रोग (टीबी), डेंगू, मलेरिया, दिमागी बुखार जैसे संचारी रोगों के बारे में जनता को जागरुक करते रहे हैं।
डेंगू का लार्वा साफ पानी में पैदा होता है क्यों कि डेंगू के लार्वा कूलर, फ्रीज व छोटे छोटे जल पात्रों में एकत्रित साफ एवं थोड़े पानी में जन्म लेकर फलते फूलते हैं। इसलिए यदि किसी भी स्थान पर जहां कम मात्रा में साफ पानी हो तो उसे नष्ट कर डेंगू के पनपने के स्रोत को बंद कर दें।
नगर क्षेत्र में नियमित रूप से साफ सफाई के उपरांत ब्लीचिंग पावडर व मैलाथियान पावडर का छिड़काव करने के साथ एंटी लार्वा का नालियों में छिड़काव, रोस्टर के अनुसार फागिंग का कार्य कराया जा रहा है। संचारी रोगों की रोकथाम के लिए पालिका द्वारा चलाए जा रहे अभियान में विभागीय लोगों का सहयोग करें।
जिसके क्रम में पालिका द्वारा संचारी रोगों की रोकथाम का यह विशेष अभियान चलाया गया था। इस अवसर पर सफाई एवं खाद्य निरीक्षक सत्य प्रकाश, नरेंद्र कुमार, सफाई नायक व पालिका कर्मी आदि उपस्थित रहे।