चिरैयाकोट। थाना क्षेत्र के ताजपुर निवासी एक व्यक्ति के साथ ही उसके रिश्तेदारों और परिचितों से गाजीपुर निवासी एक जालसाज ने बाल एवं पुष्टाहार विभाग में नौकरी दिलाने के नाम पर 32 लाख रुपये ठग लिया। जालसाज नौकरी नहीं दिला पाया तो पीड़ितों ने अपने रुपये वापस मांगना शुरू किया तो जालसाज उन्हें टरकाने लगा। अंतत: इस मामले में एक व्यक्ति की तहरीर पर पुलिस ने मंगलवार की शाम को आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया। आरोपी गाजीपुर जिले का निवासी है।
थाना क्षेत्र के ताजपुर निवासी उमेश राम से गाजीपुर जिले के बिरनो थाने के तरवां गांव निवासी रामानंद पुत्र प्रभुनाथ की मुलाकात छह महीने पहले हुई। रामानंद ने उसे बताया कि बाल एवं पुष्टाहार विभाग में इन दिनों नौकरी के लिए चयन प्रकिया चल रही है। उसने बताया कि इस विभाग में उचाधिकारियों के साथ मेरे अच्छे संबंध हैं। हम कई लोगों को आंगनबाड़ी और सुपरवाइजर की नौकरी दिला देंगे। नौकरी पाने के लालच में उमेश सहित कई लोग रामानंद के झांसे में आ गए।
रामानंद के बताने के अनुसार उमेश और उसके 21 नजदीकी लोगों ने मार्च से अप्रैल 2021 तक उसके बैंक खाते में 32 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। लेकिन समय बीतता गया और रामानंद लोगों को नौकरी नहीं दिला पाया तो पीड़ित लोग रामानंद से अपने रुपये मांगने लगे। कई महीनों तक रामानंद इन पीड़ितों को टरकाता रहा। अंतत: निराश होकर उमेश ने पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी रामानंद के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया। इस बाबत थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर अविनाश सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर आरोपी के विरुद्ध धोखाधड़ी की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है। उधर इस बाबत एएसपी त्रिभुवन नाथ त्रिपाठी का कहना है कि इस मामले में जांच पड़ताल कर आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने का निर्देश एसओ को दिया गया है।