मऊ। पीएम कोविड फंड से महिला अस्पताल में लाखों की लागत से बना आक्सीजन प्लांट रविवार की शाम छह बजे आक्सीजन प्लांट का लोकार्पण मुख्य विकास अधिकारी राम सिंह वर्मा ने किया। अब इस आक्सीजन प्लांट के चालू हो जाने से महिला अस्पताल के 100 बेड पर आक्सीजन की सीधी सप्लाई सुलभ हो जाएगी। इससे गंभीर रोगियों की जान बचाने में काफी मदद मिलेगी। एमएलसी एके शर्मा के सहयोग से महिला अस्पताल में आक्सीजन प्लांट लगाने का निर्णय लिया गया था। सरकार की ओर से पीएम केयर फंड से इसकी स्थापना के लिए सभी उपकरणों की उपलब्धता पूरी हो जाने के बाद सीडीओ ने इस प्लांट का लोकार्पण कर दिया। अब इस प्लांट से पाइप के जरिये महिला अस्पताल के सभी 100 बेड पर आक्सीजन की आपूर्ति हो सकेगी।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी राम सिंह वर्मा ने बताया कि प्लांट के चालू हो जाने से महिला अस्पताल में आने वाले गंभीर रोगियों के उपचार में काफी मदद मिलेगी। अब मरीजों की जान बचाने के लिए तीमारदारों को कहीं भटकना नहीं पड़ेगा। उन्होंने बताया कि आक्सीजन की सप्लाई पाइप के माध्यम से सीधे अस्पताल के सभी बेड तक जाएगी। इस मौके पर सीएमओ डॉ. एसएन दूबे, सीएमएस डॉ. चंद्र सिन्हा सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।