मुहम्मदाबाद गोहना। एक युवती ने सजातीय प्रेम विवाह किया। लेकिन इस निकाह से युवती पक्ष नाराज ही रहा। पुत्री और उसके पति को इस कदर प्रताड़ित किया कि विवाहिता ने वीडियो बनाकर आत्महत्या कर ली। पत्नी की मौत से दुखी पति ने कोतवाली से लेकर उच्च अधिकारियों तक गुहार लगाई। सुनवाई नहीं हुई। हारकर उसने न्यायालय की शरण ली। न्यायालय के आदेश पर सात लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने और जान से मारने की धमकी की धाराओं में पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया।
कोतवाली में दर्ज केस के अनुसार कोपागंज थाना क्षेत्र के हुसैनाबाद अदरी नगर पंचायत निवासी सुफियान पुत्र अफजल का आरोप है कि वह मुहम्मदाबाद गोहना कस्बा निवासी जोया पुत्री नजीमुद्दीन से प्रेम करता था। 24 फरवरी 2022 को उसने जोया से निकाह किया। कस्बा के कबीराबाद मोहल्ला में किराए के मकान में रहने लगा। निकाह से जोया के पिता और उनके परिचित काफी नाराज हुए। इस दौरान कस्बा के फरीदपुर मुहल्ला निवासी सलाम, शादाब, जावेद कुरैशी और अयूब के अलावा कबीराबाद मोहल्ला में रहने वाले साजिद कुरैशी और मोइनुद्दीन तथा कस्बा के ही भूलीपुर मोहल्ला निवासी शमशाद आए दिन उसके और उसकी पत्नी के साथ मारपीट की।
प्रताड़ना को लेकर कई बार पुलिस अधिकारियों से गुहार लगाई। मौके पर 112 नंबर डायल पुलिस भी आती थी लेकिन इनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। जिससे उत्पीड़न जारी रहा। इस दौरान 3 जून 2023 को घर से बाहर वह काम पर गया था। प्रताड़ना से क्षुब्ध उसकी पत्नी जोया ने वीडियो बनाकर आत्महत्या कर ली। घटना में शामिल आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर उसने पुलिस और एसपी से भी गुहार लगाई। लेकिन सुनवाई नहीं हुई। अंत में उसने न्यायालय की शरण ली।
मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का आदेश पारित किया। न्यायालय के आदेश पर कोतवाली में सात लोगों के खिलाफ जान से मारने की धमकी और आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।