मधुबन। स्वच्छता सर्वेक्षण 2019 को लेकर जहां जिले की सभी निकाय नागरिक सुविधाओं को सुधारने में लगी है, वहीं मधुबन नगर पंचायत उदासीन रवैया अपनाई हुई है। नगर पंचायत के इस रवैया के चलते शिकायतों के बाद भी गंदे पानी की निकासी का इंतजाम न होने पर रविवार को वार्ड 13 में जायसवाल गली में लोगों ने हजारों रुपये खर्च कर नाली निर्माण कराया। स्थानीय लोगों का आरोप था कि कई बार शिकायतों के बाद भी निर्माण न होने पर उनके द्वारा यह निर्णय लिया गया, जिससे नगर पंचायत के अधिकारियों को आइना दिखाया जा सके।
वार्ड 13 के निवासी संजय मद्धेशिया, सोनू बरनवाल, रामविलास गुप्त, दुर्गेश तथा अजय मद्धेशिया ने बताया कि गली में घरों से निकलने वाला गंदा पानी की निकासी का इंतजाम नहीं था। इससे काफी समय से गंदा पानी सड़क पर बह रहा था, कई बार नगर पंचायत ईओ और अध्यक्ष से शिकायत भी की गई, लेकिन हर बार बजट का अभाव की बात कहकर टाल दिया जा रहा था। इसको लेकर शनिवार को सभी लोगों ने आपस में चर्चा कर 15 हजार से ज्यादा रुपये एकत्र कर रविवार को नाली का निर्माण कराया। इस बाबत ईओ मुकेश चौधरी ने इस बात की जानकारी न होने की बात कही, साथ ही वार्डवासियों द्वारा पूर्व में समस्या से संबंधित कोई ज्ञापन नहीं सौंपने की बात कही।