मऊ। गुरुवार की रात से शुरू हुई बारिश शुक्रवार की देर शाम तक जारी रही। रात में तेज बारिश के बाद दिनभर रिमझिम बारिश होती रही। वहीं तेज चली हवाओं से पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिली। कई घंटों से बारिश से कई जगहों पर कीचड़ होने से लोग परेशान होते रहे।
गुरुवार की शाम से ही मौसम का तेवर बदल गया है। जहां पिछले 24 घंटे से रुक-रुककर हो रही बारिश ने किसानों के चेहरे पर मायूसी ला दी है। जिला कृषि अधिकारी उमेश कुमार के मुताबिक हो रही बारिश से धान की खेती की फसल को फायदेमंद होगी। इसके अलावा, अरहर, मक्का, बाजरा की फसलों को भी फायदा होगा। साथ ही इस बारिश से किसान रवि सीजन की फसलों की खेत की तैयारी भी किसान कर सकते है। शुक्रवार की सुबह कई बार बारिश होने के चलते नगर क्षेत्र में कीचड़ की समस्या ने बेहाल कर दिया है। रिमझिम बारिश के बीच लोग घरों में कैद हो कर रह गए हैं। यहीं नहीं, शुक्रवार को मोहर्रम का दिन होने के चलते छुट्टी का आनंद भी बच्चे नहीं उठा सके। बताते चलें कि गुरुवार की रात से ही तेज बारिश होती रही। शुक्रवार की सुबह आसमान पर काले बादलों का डेरा रहा। हालांकि दिन में तेज बारिश नहीं हुई। दोपहर में कुछ देर तक बारिश थमने के बीच लोग जरूरत का सामान लेने बाजार की ओर निकले तो फिर से बूंदाबांदी शुरू हो गई। यह शाम सात बजे तक रिमझिम जारी रही। मौसम के बिगड़ते मिजाज का असर यातायात व्यवस्था पर भी पड़ा है। इससे सड़कों पर आम दिनों के अपेक्षा कम भीड़ रही।