विधानसभा चुनाव के लिए सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में नामांकन करने वाले प्रत्याशियों में 14 प्रत्याशियों के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज हैं। मुख्तार अंसारी पर कुल 13 आपराधिक मुकदमे चल रहे हैं। इन मुकदमे में हत्या, मारपीट, हत्या के प्रयास सहित गैंगस्टर आदि के विभिन्न जनपदों के मुकदमे शामिल हैं। वहीं उनके बेटे अब्बास पर एक भी मुकदमा दर्ज नहीं है।
इसके अलावा पीस पार्टी के प्रत्याशी महफूजरेहमान के विरुद्ध दो मुकदमे दर्ज हैं। वहीं भाकपा के प्रत्याशी रामसोच यादव पर भी मारपीट एवं फौजदारी आदि के तीन मामले दर्ज हैं। पिछड़ा वर्ग महापंचायत पार्टी के शाह आलम के विरुद्ध एक भी केस दर्ज नहीं है। जब कि सदर विधानसभा से भाजपा एवं भासपा के प्रत्याशी महेंद्र राजभर पर भी एक भी मुकदमा दर्ज नहीं है।
घोसी विधानसभा सीट से बसपा प्रत्याशी अब्बास अंसारी पर एक भी मुकदमा दर्ज नहीं हैं। वहीं यहां पांच बार विधायक रहे भाजपा के प्रत्याशी फागू चौहान भी बेदाग हैं। इन पर भी कोई आपराधिक मुकदमा दर्ज नहीं है। निर्दल प्रत्याशी हुसैन, निर्दल विजय यादव, निर्दल योगेंद्रनाथ राय एवं दरबारी चौहान पर भी कोई आपराधिक केस नहीं है।
मधुबन विधानसभा से निर्दल प्रत्याशी रमेश पर भी एक भी मुकदमा दर्ज नहीं है। राष्ट्रीय लोकदल के प्रत्याशी कन्हैया पर तीन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पूर्वांचल पीपुल्स पार्टी के भानु प्रताप पर भी एक भी मुकदमा दर्ज नहीं है। भाजपा प्रत्याशी दारा सिंह चौहान पुत्र रामकिशुन पर दो आपराधिक मुकदमा दर्ज है। निर्दल प्रत्याशी वंशराज पर भी एक भी मुकदमा दर्ज नहीं है। जन अधिकार पार्टी के पहलवान चौहान के विरुद्ध भी एक भी मुकदमा दर्ज नहीं हैं। वहीं कांग्रेस के प्रत्याशी अमरेशचंद पांडेय की भी छवि बेदाग हैं। उन पर भी कोई मुकदमा दर्ज नहीं है। अंबेडकर समाज पार्टी के नरेंद्र के विरुद्ध भी एक भी मुकदमा दर्ज
नहीं है।