स्थानीय थाना क्षेत्र के दरगाह में लंबे समय से चल रहे विवाद में दो पक्षों में विवाद हो गया।दो पक्षों में विवाद की सूचना पर पहुंची पुलिस ने पूर्व ब्लाक प्रमुख सहित 11 लोगों को हिरासत में लेकर थाने पहुंची। पूर्व ब्लाक प्रमुख के हिरासत में लेने की सूचना पर उनके समर्थक मधुबन थाना परिसर में जमे रहे।
मधुबन थाना क्षेत्र के दरगाह निवासी हसन इकबाल तथा नूरआलम खान के बीच मदरसा पर कब्जेदारी को लेकर विवाद चल रहा था। इस बीच कोरोना के समय एक पक्ष द्वारा मदरसा में ताला बंद कर दिया गया था। इसको लेकर दोनों पक्षों में काफी दिनों से तनातनी चल रही थी। कई बार मामला पुलिस और तहसील प्रशासन के समक्ष भी प्रस्तुत हुआ, लेकिन मामला निस्तारित नहीं हो पाया।
इसी बीच मंगलवार की सुबह दूसरा पक्ष मदरसा का ताला तोड़ने लगा। इससे दोनों पक्ष आमने-सामने होकर मारपीट कर लिए। तब तक मौके पर पुलिस पहुंच गई। और दोनों पक्षों से सपा के पूर्व प्रमुख रामकृपाल सिंह सहित 11 लोगों को हिरासत में ले लिया है।
उधर पूर्व प्रमुख की गिरफ्तारी से उनके समर्थकों में आक्रोश व्याप्त है। मंगलवार को देर शाम तक वह थाना पर जमें रहें। वहीं आने वाले समय में पुलिस कार्रवाई के विरोध में आंदोलन की चेतावनी दिया है। इस बाबत सीओ मधुबन अमित कुमार सिंह का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में है। बोले कि कोर्ट में मामला चल रहा है, जिसमें एक पक्ष द्वारा मदरसा पर लगे ताला को खोला जा रहा था। पुलिस ने शांति व्यवस्था कायम करने के लिए दोनों पक्षों से कुछ लोगों को हिरासत में लिया है।