छटीकरा (मथुरा)। छटीकरा-राधाकुंड मार्ग खुशीपुरा तिराहे पर ट्रक में पशुओं के अवशेष ले जाए जा रहे थे। बदबू आने पर ग्रामीणों में उबाल आ गया। ग्रामीणों ने एकत्रित होकर ट्रक को पकड़ लिया। इसी बीच ट्रक में बैठे दो लोग भाग खड़े हुए। ग्रामीणों ने एक को पकड़कर पिटाई कर दी। गुस्साए ग्रामीणों ने ट्रक को पलटते हुए गोवंश के अवशेष होने का दावा किया। ग्रामीणों ने छटीकरा-राधाकुंड मार्ग को जाम कर दिया।
रविवार रात नौ बजे की घटना की जानकारी मिलने पर पहुंची जैंत पुलिस ने ग्रामीणों को समझाया, पर ग्रामीण जाम खोलने को राजी नहीं हुए। ग्रामीणों ने पकड़े गए एक व्यक्ति को पुलिस के सुपुर्द कर दिया। ग्रामीणों गोवंश को मारने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग का रहे थे। ग्रामीणों का आरोप है कि इस ट्रक के आगे एक बोलेरो पिकअप चल रही थी, जो कि पूरी निगरानी कर रही थी।
उनके ट्रक पकड़ते ही बोलेरो सवार भाग खड़े हुए। सीओ सदर प्रवीण मलिक ने बताया कि पकड़े गए व्यक्ति ने पशुओं की हड्डियां गोवर्धन के नीमगांव से सहारनपुर ले जाना बताया। हड्डियों को जांच के लिए भेजा जाएगा। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी।
जैंत पुलिस की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में
पशुओं की हड्डियों से भरा ट्रक का निकलना जैंत पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता या फिर यह मान लिया जाए कि जैंत पुलिस की मदद से इस ट्रक को पास कराया जा रहा था। ऐसे कई सवालों के घेरे में जैंत पुलिस आ रही है। पुलिस के आला अफसरों को जांच करवाकर संदेह के घेरे में आने वाली पुलिस पर कार्रवाई करनी चाहिए। जिससे की पशु कटान के संग हड्डियों की बिक्री पर रोक लगे।