मथुरा। इंटर्नशिप बढ़ाए जाने के मुद्दे पर वेटरनेरी विश्वविद्यालय के करीब 300 छात्रों में बुधवार को विश्वविद्यालय के अंदर स्टेडियम में हड़ताल को फिर से प्रारंभ कर दिया है। उनका कहना है कि जब तक शासन स्तर से उनके संबंध में कोई निर्णय नहीं लिया जाता है तब तक वह हड़ताल पर रहेंगे।
जानकारी रहे कि 2 अप्रैल को विश्वविद्यालय के छात्र विश्वविद्यालय के बाहर हड़ताल पर बैठ गए थे। वर्ष 2015 से वेटरनेरी विश्वविद्यालय के बीवीएससी के छात्रों को विश्वविद्यालय में इंटर्नशिप किए जाने के बदले 4000 रुपये प्रतिमाह मिल रहे हैं उनके द्वारा इस राशि को बढ़ाए जाने की मांग काफी दिनों से की जा रही है।
विश्वविद्यालय स्तर से भी इसके लिए प्रयास किए जा रहे हैं लेकिन शासन स्तर से इंटर्नशिप की राशि नहीं बढ़ाई जा रही है। 2 अप्रैल को सभी छात्र वेटरनेरी विश्वविद्यालय के गेट पर धरना प्रदर्शन पर बैठ गए थे। जिसके बाद वाइस चांसलर डॉ. जीके सिंह ने छात्रों को आश्वासन दिया था कि वह शासन स्तर तब उनकी बातचीत पुन: करेंगे।
वाइस चांसलर के द्वारा शासन को इस संबंध में अवगत भी कराया गया है लेकिन सकारात्मक प्रत्युत्तर न होने के कारण छात्र बुधवार को फिर से वेटरनेरी विश्वविद्यालय के पोडियम स्टेडियम में हड़ताल पर बैठ गए हैं। छात्रों का कहना है कि जब तक शासन स्तर से उनकी इंटर्नशिप राशि बढ़ाए जाने की मंजूरी नहीं मिल जाती तब तक वह हड़ताल पर रहेंगे। उधर, विश्वविद्यालय के वीसी डॉ. डीके सिंह ने बताया कि छात्रों की मांग को उनके द्वारा शासन स्तर तक रखा गया है।