मथुरा। जंक्शन पर वाहनों की जांच के लिए लगाई गईं व्हीकल स्कैनर मशीनें काम नहीं कर पा रही हैं। जिसके चलते बिना जांच पड़ताल के ही वाहन वीआईपी गेट तक पहुंच रहे हैं। इसका संचालन आरपीएफ द्वारा किया जाता है।
जंक्शन रेलवे स्टेशन की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए मुख्य एंट्री और सेकंड एंट्री पर लाखों रुपये खर्च कर व्हीकल स्कैनर मशीनें लगाई गई हैं। इन मशीनों से गाड़ी या नीचे क्या छिपा है, इसकी जानकारी लग जाती है। वीआईपी एंट्री तक पहुंचने वाले प्रत्येक वाहन की इस मशीन से जांच की जाती है। काफी समय से मुख्य और सेकेंड एंट्री पर लगी व्हीकल स्कैनर मशीनें बंद पड़ी हैं।
आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक अवधेश गोस्वामी ने बताया कि स्टाफ की कमी के चलते व्हीकल मशीनों का संचालन नहीं किया जा रहा है। थाने का ज्यादातर स्टाफ माघ मेला और विधान सभा चुनाव की ड्यूटी में लगा है। स्टाफ वापस आने के बाद मशीनों का संचालन नियमित कराया जाएगा।