वृंदावन (मथुरा)। ठाकुर राधारमणलाल जू के सेवा लाड़ोत्सव में सोमवार को फूलों की होली का आयोजन किया गया। वहां ठाकुरजी ने भक्तों के साथ जमकर फूलों की होली खेली। भक्त भी ठाकुर जी कृपारूपी रस का कण-कण पाने के लिए खासे लालायित दिखे। प्रख्यात भजन गायक ध्रुव शर्मा व स्वर्ण श्री ने राग सेवा के माध्यम से महोत्सव में समा बांध दिया।
आदित्यम सेवा संस्थान के तत्वावधान में राधा रमण मंदिर में नव दिवसीय सेवा लाड़ोत्सव में विविध अनुष्ठान आयोजित किए जा रहे हैं। इस महोत्सव में ठाकुरजी को नित्य नए शृंगार धारण कराकर फूल बंगले में विराजित किया गया। राजभोग व व्यारू भोग में विविध प्रकार के व्यंजन व छप्पन भोग निवेदित किये गए। प्रतिदिन राग सेवा में प्रख्यात भजन गायकों ने अपनी गायकी से ठाकुरजी को लाड़ लड़ाया जा रहा है।
महोत्सव में सोमवार की शाम भजन गायक ध्रुव शर्मा व स्वर्ण श्री की जुगल बंदी ने होली के भजनों पर भक्तों को झूमने पर मजबूर कर दिया। इधर, सेवायत आदित्य गोस्वामी के सानिध्य में मंदिर में फूलों की होली खेली गई।
जैसे ही भक्तों पर फूलों की बरसा की गई, वैसे ही संपूर्ण परिसर राधा रमणलालजू के जयकारों से अनुगुंजित हो उठा। महोत्सव में संस्थान के अध्यक्ष सोनल अग्रवाल, सचिव अनिल अग्रवाल, वीना गोस्वामी, साधना गोस्वामी, देव्यांश गोस्वामी, आशी अग्रवाल व अमित शर्मा थे।