सौंख (मथुरा)। थाना मगोर्रा के सौंख कस्बा के बस स्टैंड के समीप घर बैठे व्यापारी को अगवा करने की कोशिश और १.१० लाख रुपये की दिनदहाड़े लूट करने वाले दो बदमाश पुलिस ने पकड़े हैं। यह बदमाश भी मगोर्रा पुलिस की मेहनत से नहीं, बल्कि पीड़ित परिवार की मेहनत से गाड़ियों के नंबर ट्रेस होने के आधार पर हत्थे चढ़ सके हैं। पुलिस ने अभी तक गिरफ्तार किए बदमाशों को जेल नहीं भेजा है।
बुधवार को सौंख बस स्टैंड के समीप व्यापारी भीम सिंह निवास पर बैठे थे, तभी तीन गाड़ियों में सवार होकर आए 10-12 हथियारों से लैस बदमाशों ने व्यापारी को अगवा करने की कोशिश की। विरोध करने पर उनके सिर में तमंचे की बट दे मारी। व्यापारी से 1.10 लाख रुपये लूटकर भागने लगे।
गाड़ियों के नंबर ग्रामीणों ने देखकर पुलिस को बता दिए। पुलिस ने केवल गाड़ियों के आधार पर दो बदमाशों को पकड़ लिया। एसपी देहात श्रीशचंद का कहना है कि राहुल निवासी कमई, बरसाना व सीताराम निवासी बुखरारी को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा अन्य प्रकाश में आए लुटेरे पुलिस की पकड़ में होंगे।