भजन संध्या में प्रस्तुति देते भजन गायक सुधीर व्यास। संवाद
मथुरा। ये चमक ये दमक फुलवन में महक, एक अर्ज मेरी सुन लो सरकार मेरे दाता और खींच रहे हैं राम गाड़ी जीवन की जैसे लोकप्रिय भजनों की प्रस्तुति ने बृहस्पतिवार को श्री कृष्ण महोत्सव में पधारे श्रद्धाुओं को भावविभोर कर दिया। मथुरा की पावन धरती पर जब सुधीर व्यास ने एक के बाद एक अपने भजन सुनाए तो पूरा परिसर हरि भक्ति और आनंद रस में डूब गया। आयोजन में उपस्थित श्रद्धालु झूमते हुए भजन गुनगुनाने लगे।
श्रीमाथुर चतुर्वेदी समाज द्वारा आयोजित चार दिवसीय श्रीकृष्ण महोत्सव कंस मेला के तहत बृहस्पतिवार की रात्रि में आयोजित भजन संध्या में प्रसिद्ध भजन गायक सुधीर व्यास की प्रस्तुति में भक्ति का खूब रस बहा। भजन संध्या के दौरान मंच को पुष्पों और रोशनी से सजाया गया था। चारों ओर राधे-श्याम के जयकारों से वातावरण गूंज उठा। आयोजकों ने बताया कि श्रीकृष्ण महोत्सव मेला का उद्देश्य ब्रज संस्कृति, भक्ति और लोक परंपरा को जन-जन तक पहुंचाना है। संवाद
आज होगी कंस वध लीला
श्रीकृष्ण महोत्सव के चार दिवसीय इस आयोजन में शु्क्रवार को कंस वध लीला का मंचन होगा। कंस वध शोभायात्रा निकाली जाएगी। जो कि कंस टीले से होली गेट, छत्ता बाजार होते हुए विश्राम घाट पहुंचेगी। इसके बाद ठाकुर जी और यमुना की आरती की जाएगी।
मेला की बनीं समितियां
परिषद के महामंत्री राकेश तिवारी एडवोकेट ने बताया कि मेले की व्यवस्थाओं के लिए विभिन्न समितियां गठित की गई हैं। झांकियों की तैयारी की जिम्मेदारी कमल चतुर्वेदी, संजय चतुर्वेदी, राकेश तिवारी समेत अन्य को सौंपी गई है। पुतले को अखाड़े तक ले जाने की व्यवस्था संजय और मनोज पाठक संभालेंगे। मार्ग व्यवस्था के लिए होली गेट से छत्ता बाजार तक की जिम्मेदारी संजय चतुर्वेदी, अनुज पाठक, सौरभ चतुर्वेदी को और छत्ता बाजार से विश्राम घाट तक की जिम्मेदारी मनोज पाठक, नीरज चतुर्वेदी, कमल चतुर्वेदी व अन्य पदाधिकारियों को सौंपी गई है।