मथुरा। भगवान पशुपतिनाथ की नगरी मंदसौर में 27 और 28 सितंबर को होने वाले अखिल भारत लाड़ी लोहाणा सिंधी पंचायत के राष्ट्रीय अधिवेशन में समाज से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी। ब्रज क्षेत्र से ढाई दर्जन प्रतिनिधि 26 सितंबर को मंदसौर के लिए रवाना होंगे।
पंचायत के प्रदेश मीडिया प्रभारी किशोर इसरानी ने बताया कि अधिवेशन में सर्वसम्मति से समाजहित से जुड़े निर्णय लिए जाते हैं। विभिन्न शहरों से डेलीगेट के रूप में पहुंचे प्रतिनिधि राष्ट्रीय और प्रांतीय पदाधिकारियों का चुनाव करते हैं। प्रदेश महासचिव रामचंद्र खत्री ने बताया कि पंचायत का राष्ट्रीय अधिवेशन अलग-अलग शहरों में क्रमवार आयोजित किया जाता है। अधिवेशन में बिखरते परिवारों को बचाने, बच्चों को बेहतर शिक्षा दिलाने सहित समाज के अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी। समाज के विशिष्ट जनों को सम्मानित किया जाएगा। अधिवेशन में उत्तर प्रदेश से घनश्यामदास देवनानी, नारायणदास पारवानी, राज कोठारी, हरीश इसरानी, लख्मीचंद खत्री, मथुरा से सुरेश मेठवानी, जीवतराम चंदानी, बसंत मंगलानी, जितेंद्र लालवानी, सुरेश मनसुखानी, चंदनलाल आडवाणी आदि शामिल होंगे।