श्रीबांकेबिहारी मंदिर में उमड़ी भक्तों की भीड़
- फोटो : अमर उजाला
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी (30 अगस्त) पर येलो जोन में कोई भी व्यक्ति वाहन से प्रवेश नहीं कर सकेगा। शहर में प्रवेश के लिए 12 मार्ग चयनित किए गए हैं, जिनमें 14 पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस लाइन स्थित सभाकक्ष में शुक्रवार को हुई तैयारियों के बारे में एसपी क्राइम राधेश्याम राय ने बताया कि दिल्ली-पलवल की ओर से आने वाले वाहनों को छटीकरा के पास रोक दिया जाएगा।
यहां से भक्तों को श्रीबांकेबिहारी मंदिर तक पैदल ही रास्ता तय करना होगा। इस दौरान ई-रिक्शा का संचालन भी नहीं होगा। दिल्ली की ओर से आने वाले वाहनों के मथुरा आने के लिए सौ शैया अस्पताल से होते हुए वृंदावन रोड पर पीएमवी कॉलेज पर बनाए गए पार्किंग स्थलों और उसी के सामने आरके ज्वेलर्स के खाली मैदान में बनाए गए पार्किंग स्थल में वाहन खड़े करने होंगे।
गोकुल रेस्टोरेंट से मसानी होते हुए जो वाहन शहर में प्रवेश करना चाहेंगे, उन्हें कल्याण करोति के निकट आरएसएस कार्यालय के सामने बने पार्किंग स्थल व रामलीला मैदान के पास रोक दिया जाएगा। हाईवे पर बन रहे नए बस स्टैंड के पास भी पार्किंग की व्यवस्था की गई है। इसी प्रकार गणेशरा से पोतराकुंड की ओर आने वाले वाहनों को गोवर्धन चौराहे होकर आना पड़ेगा।
भूतेश्वर स्थित फायर सर्विस के मैदान में वाहन खड़े करने होंगे। इसके अलावा मंडी चौराहे, टाउनशिप, राजकीय इंटर कॉलेज सदर, रामलीला मैदान, पानी घाट पर भी पार्किंग बनाए गए हैं, जिससे कोई भी वाहन शहर में प्रवेश न कर सके। उन्होंने बताया कि पूरे शहर को तीन जोन में विभाजित किया गया है, जिसमें रेड जोन वाला क्षेत्र श्रीकृष्ण जन्मस्थान है। इसके अलावा यलो व ग्रीन जोन बनाए गए हैं। पर्याप्त फोर्स की व्यवस्था की गई है और प्रतिबंधित क्षेत्रों में प्रवेश के लिए वाहनों की सुरक्षा के लिए एसपी सुरक्षा और नगर मजिस्ट्रेट को पास जारी करने के लिए अधिकृत किया गया है।
श्रद्धालुओं को होंगी मुश्किलें
पुलिस प्रशासन की जा रही इस यातायात व्यवस्था से पार्किंग से अपने मुकाम तक पहुंचने के लिए श्रद्धालुओं को काफी लंबा रास्ता तय करना पड़ेगा। विशेषकर जो लोग अपने साथ सामान लेकर चलते हैं, उन्हें मुश्किलों का सामना करना पड़ेगा।