गोवर्धन। गांठौली में विद्युत उपभोक्ता की शिकायत का ऊर्जा मंत्री के संज्ञान में आने के बाद विद्युत अधिकारियों ने बिलिंग कंपनी और कर्मचारी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। गोवर्धन के एसडीओ शुभम अग्रवाल ने बिलिंग कंपनी के कर्मचारी जीतू के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के बाद अब बिलिंग कंपनी फ्लूएंट ग्रिड के मैनेजिंग डायरेक्टर के खिलाफ गोवर्धन थाने में तहरीर दी है।
गौरतलब है कि 29 सितंबर को ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा अपने पैतृक गांव गांठौली में स्कूल का निरीक्षण करने पहुंचे थे। उस दौरान विद्युत उपभोक्ता कमल सिंह पुत्र तेजाराम निवासी गांठौली ने गलत बिलिंग को लेकर ऊर्जा मंत्री से शिकायत की थी। इस पर उन्होंने एसडीओ शुभम अग्रवाल को जांच करने कर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
जांच में बिलिंग कंपनी का कर्मचारी जीतू को दोषी पाते हुए उसके खिलाफ गोवर्धन थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। इसके बाद मंगलवार को एसडीओ शुभम अग्रवाल ने बिलिंग कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर के खिलाफ तहरीर दी। शुभम अग्रवाल ने बताया कि कर्मचारी ने मीटर से 753 रीडिंग निर्गत की, जबकि मीटर में 2175 रीडिंग थीं, इस प्रकार 1422 रीडिंग का अंतर पाया गया। इस तरह से विभाग को 7999 रुपये की क्षति हुई।
बिलिंग कंपनी के डायरेक्टर के खिलाफ तहरीर मिली है, जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
- गौरव कुमार त्रिपाठी, सीओ गोवर्धन