मथुरा (सौंख)। गांव मल्हू के पंचायत भवन पर कब्जा करने वाले दबंग के संबंध में अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद पंचायती राज विभाग ने कब्जा करने वाले के खिलाफ थाना मगोर्रा में रिपोर्ट दर्ज करा दी है। यह रिपोर्ट बुधवार को एडीओ पंचायत ने कराई है। अब रिपोर्ट के बाद विभाग भवन खाली कराने की तैयारी कर रहा है।
वर्ष 2001-02 में तैयार हुए पंचायत भवन में गांव के ही एक दबंग ने कब्जा कर लिया था। इस संबंध में जब नवनियुक्त प्रधान के मौखिक कहने पर खाली नहीं हुआ तो ग्राम प्रधान जगवीर सिंह ने इसकी एसडीएम से लेकर डीपीआरओ, बीडीओ तक से शिकायत कर दी। हद तो उस समय हो गई जब डीपीआरओ डॉ. प्रीतम सिंह ने 14 जून 2021 को थाना मगोर्रा को ग्राम पंचायत भवन से कब्जा हटवाने के लिए पत्र भी लिखा। लेकिन आरोप है कि पुलिस ने सिर्फ कब्जाधारक को थाना बुलाकर पूछताछ करके छोड़ दिया।
अब डीपीआरओ किरन चौधरी के निर्देश पर एडीओ पंचायत ने थाना मगोर्रा में अशोक और छिद्दी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। यह रिपोर्ट तीन नोटिस दिए जाने के बाद दर्ज कराई है। डीपीआरओ ने बताया कि पंचायत भवन पर किसी को भी कब्जा नहीं करने दिया जाएगा। हम जल्द ही पंचायत भवन को कब्जा मुक्त कराएंगे।