कोसीकलां। आरपीएफ एवं कोसी पुलिस ने बुधवार को संयुक्त कार्रवाई करके रेलवे की कबाड़ संपत्ति को कौड़ियों के भाव में खरीदने के लिए प्रोत्साहित करने वाले एक कबाड़ी की गोदाम पर छापा मारा। वहां से भारी मात्रा में कबाड़ बरामद किया। यह कार्रवाई आरपीएफ ने एक चोर की निशानदेही पर की।
मिली जानकारी के अनुसार आरपीएफ को रेलवे के कबाड़ चोरी की सूचना कई दिनों से मिल रही थी। इस मामले में पुलिस ने तालाबशाही के पास तकिया में रहने वाले युवक आजाद को पकड़ लिया और उससे पूछताछ की। पूछताछ में आजाद ने बताया कि वह चोरी करके कबाड़ को घंटाघर पर नीम वाली गली में एक व्यवसायी को बेचता हैं।
इस पर आरपीएफ ने चौकी प्रभारी मनिंद्र सिंह की टीम को लेकर मंगलवार की शाम को आरोपी युवक की निशानदेही पर चांद कबाड़िया के गोदाम पर छापा मारा। वहां से कई क्विंटल कबाड़ बरामद हुआ। इसे आरपीएफ ट्रैक्टर-ट्रॉली के माध्यम से ले गई। आरपीएफ ने एक कबाड़ियां को हिरासत में ले लिया।
आरपीएफ चोरी का सामान खरीदने वाले कबाड़ियां से ये भी पता लगा रही है कि इनका और कितने चोरों से संबंध है, जो इनके पास सामान सस्ते दामों पर बेचते हैं। उधर, आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।