कोसीकलां। नगर पालिका प्रशासन ने गांधी चिकित्सालय परिसर में सर्दी से बेसहारा गोवंश को बचाने के लिए बने आश्रय स्थल में मुकम्मल व्यवस्था न होने से गोवंशों की दुर्दशा हो रही है। टाट पट्टी, तिरपाल जरूरत के मुताबिक नहीं हैं। टिनशेड और नीचे खाली जमीन पर गोवंश बैठ रहे हैं। इससे वह बीमारी का शिकार हो रहे हैं।
अस्थायी गो आश्रय स्थल पर अव्यवस्थाएं हावी हैं। पशुओं को बैठने के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं हैं कर्मचारी भी साफ सफाई के लिए नहीं आता है। इस अव्यवस्था को लेकर मंगलवार को भाजपा नेता तरुण सेठ, सभासद मनोज आर्य, महेश जाबिया, सचिन पालीवाल, प्रवीन चौधरी, हरीश बल्लो गो आश्रय स्थल पहुंचे, जहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने एसडीएम को बताया कि करीब 80 गोवंश के लिए केयर टेकर संस्था के कर्मचारी दो गठरी भूसा दे जाते हैं, इससे गोवंश को पर्याप्त चारा नसीब नहीं हो पाता।
गोशाला में ज्यादातर गोवंश बीमारी की हालत में हैं। नगर पालिका प्रशासन ने गोशाला परिसर में मलबा डलवा दिए जाने से गोवंश को बैठने में परेशानी हो रही हैं। उधर, एसडीएम कमलेश गोयल ने बताया कि जल्द ही अधीनस्थों के साथ गोशाला का निरीक्षण कर अव्यवस्थाएं दूर कराई जाएगी।